बीकानेर/जामसर। जिले के जामसर थाना क्षेत्र में एक शराब ठेके पर हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। ठेके के पार्टनर और सेल्समैन ने अपने ही साथी कर्मचारी और उसके रिश्तेदारों पर मारपीट कर 10 हजार रुपये छीनने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, पलाना निवासी लक्ष्मण सिंह (सेल्समैन व पार्टनर, जामसर शराब ठेका) ने रिपोर्ट दी है कि 6 जुलाई की रात ठेका बंद होने के बाद वह रुपयों का हिसाब मिला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते उसके साथी लालम सिंह (निवासी कानासर) ने उसके सिर पर थाली से हमला कर दिया। लालम ने उसे नीचे गिराकर हाथ-पैर मरोड़ दिए, जिससे उसके सिर, हाथ और कमर में काफी चोटें आईं।
लक्ष्मण सिंह का आरोप है कि इसके बाद ठेके पर ही काम करने वाले लालम सिंह के रिश्तेदारों ने भी उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। जाते-जाते लालम सिंह उसकी जेब से हिसाब के 10 हजार रुपये निकाल ले गया और धमकी दी कि अगर आगे से ठेके का हिसाब किया, तो जान से मार देंगे। फिलहाल पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच कार्यवाहक थानाधिकारी उम्मेद सिंह को सौंप दी गई है।





